मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने वर्ष 2027 की कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाओं का विस्तृत टाइम टेबल जारी कर दिया है। बोर्ड ने मुख्य परीक्षा के साथ दूसरी यानी सप्लीमेंट्री परीक्षा का कार्यक्रम भी घोषित किया है।
12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से
एमपी बोर्ड की कक्षा 12वीं की मुख्य परीक्षाएं 17 फरवरी 2027 से शुरू होंगी और 19 मार्च तक चलेंगी। वहीं, कक्षा 10वीं की मुख्य परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी।
सुबह 9 बजे से होगी परीक्षा
कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होंगी। छात्रों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 8 बजे तक पहुंचना होगा।
सुबह 8:30 बजे तक परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में अपनी सीट पर बैठना अनिवार्य होगा। 8:45 बजे के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रश्नपत्र 8:45 बजे और उत्तर पुस्तिका 8:55 बजे वितरित की जाएगी। परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होगी।
10वीं की प्रमुख परीक्षाएं
कक्षा 10वीं की परीक्षा 24 फरवरी को विभिन्न भाषाई और व्यावसायिक विषयों से शुरू होगी। हिंदी की परीक्षा 2 मार्च, गणित की 5 मार्च, अंग्रेजी की 9 मार्च, संस्कृत की 12 मार्च, विज्ञान की 15 मार्च और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 18 मार्च को होगी।
12वीं की प्रमुख परीक्षाएं
कक्षा 12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होगी। हिंदी की परीक्षा 23 फरवरी, अंग्रेजी की 26 फरवरी, भौतिकी और अर्थशास्त्र की परीक्षा 4 मार्च, जीव विज्ञान की 8 मार्च, राजनीति विज्ञान की 11 मार्च, रसायन विज्ञान, इतिहास और बिजनेस स्टडीज की परीक्षा 13 मार्च तथा गणित की परीक्षा 16 मार्च को होगी। अंतिम परीक्षा 19 मार्च को आयोजित की जाएगी।
जून में होगी दूसरी परीक्षा
MPBSE ने 10वीं और 12वीं की दूसरी यानी सप्लीमेंट्री परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी किया है। कक्षा 12वीं की दूसरी परीक्षा 11 जून से 30 जून 2027 तक और कक्षा 10वीं की परीक्षा 15 जून से 30 जून 2027 तक होगी।
मुख्य परीक्षा के लिए नियमित छात्रों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 फरवरी से 19 मार्च 2027 के बीच उनके स्कूलों में आयोजित होंगी। निजी छात्रों की प्रैक्टिकल परीक्षा निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होगी। जून में होने वाली दूसरी परीक्षा के प्रैक्टिकल 11 जून से 30 जून के बीच कराए जाएंगे।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी दिन स्थानीय या सार्वजनिक अवकाश घोषित होने पर भी परीक्षा निर्धारित टाइम टेबल के अनुसार ही होगी। जरूरत पड़ने पर परीक्षा की तारीख या समय में बदलाव किया जा सकता है, जिसकी सूचना बोर्ड की ओर से दी जाएगी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi