Tuesday , November 3 2026
Breaking News

देहरादून में लोन रिश्वत कांड का खुलासा, CBI ने फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने वाले आरोपी को पकड़ा

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने लोन मंजूर कराने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले एक शातिर जालसाज को आगरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को नई दिल्ली स्थित पशुपालन एवं डेयरी विभाग का अधिकारी ‘ऋषि गुप्ता’ बताकर लोगों से ठगी करता था।

यह कार्रवाई ऊधमसिंह नगर के काशीपुर निवासी शकील अहमद की शिकायत पर की गई। शिकायत के अनुसार, उन्होंने एएचआईडीएफ (AHIDF) योजना के तहत 22.50 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोपी ने लोन स्वीकृत कराने के बदले दो प्रतिशत कमीशन के रूप में 45 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।

सीबीआई ने 29 जून को जाल बिछाकर कार्रवाई की। आरोपी ने पहली किस्त के तौर पर 5,000 रुपये एक क्यूआर कोड के जरिए मंगवाए, जिसके बाद जांच आगे बढ़ाई गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी सिम कार्ड और दूसरे लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर ठगी की रकम हासिल करता था। उसके पास लोन के लिए आवेदन करने वाले कई लोगों का डेटा भी मिला, जिसके जरिए वह उन्हें फोन कर लोन रद्द होने का डर दिखाकर पैसे ऐंठता था।

डिजिटल निगरानी और कॉल रिकॉर्ड के आधार पर सीबीआई ने आरोपी को आगरा से गिरफ्तार किया। उसके ठिकाने से कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Check Also

उत्तराखंड खेल महाकुंभ का भव्य समापन, देहरादून को मिली चैंपियनशिप ट्रॉफी; सीएम धामी ने की सराहना

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खेल महाकुंभ 2026 का समापन किया। ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *