Thursday , August 6 2026

जोस बटलर का बड़ा बयान, T20 में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए भारतीय स्टार को बताया सबसे मजबूत दावेदार

इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। द हंड्रेड टूर्नामेंट में मैनचेस्टर सुपर जाएंट्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के बाद बटलर ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि एक दिन उनका यह रिकॉर्ड भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी तोड़ सकते हैं।

वेल्श फायर के खिलाफ मुकाबले में बटलर ने महज 20 गेंदों में नाबाद 51 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने दो चौके और छह छक्के लगाए तथा 250 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इस प्रदर्शन के साथ उनके टी20 करियर में कुल 14,833 रन हो गए और उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज कीरोन पोलार्ड (14,803 रन) को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले लंबे समय तक यह रिकॉर्ड क्रिस गेल (14,562 रन) के नाम था।

रिकॉर्ड अपने नाम करने के बाद बटलर ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए बेहद खास है, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि भविष्य में कोई न कोई इसे जरूर तोड़ेगा। उन्होंने भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का नाम लेते हुए कहा, “एक दिन कोई मेरा रिकॉर्ड तोड़ेगा और शायद वह वैभव सूर्यवंशी होंगे। फिलहाल यह पल मेरे लिए बेहद गर्व का है।”

बटलर ने अपनी हालिया फॉर्म पर भी खुलकर बात की। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ महीने पहले उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी। उनके अनुसार क्रिकेट में परिस्थितियां तेजी से बदलती हैं और मुश्किल समय में खिलाड़ी के पास केवल दो रास्ते होते हैं—या तो हार मान ले या फिर और ज्यादा मेहनत कर मजबूत वापसी करे।

मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए वेल्श फायर ने निर्धारित 100 गेंदों में 155 रन बनाए। जवाब में मैनचेस्टर सुपर जाएंट्स ने टिम साइफर्ट (नाबाद 62), पॉल वाल्टर (37) और जोस बटलर (नाबाद 51) की शानदार पारियों की बदौलत लक्ष्य सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया और मुकाबला नौ विकेट से अपने नाम कर लिया।

Check Also

सुप्रीम कोर्ट पहुंचे CAPF के 111 कैडर अधिकारी, कीर्ति चक्र-शौर्य चक्र सम्मानित अफसर भी याचिका में शामिल

केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के 111 कैडर अधिकारियों ने सीएपीएफ (जनरल एडमिनिस्ट्रेशन) अधिनियम, 2026 ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *