जियो का IPO जल्द, आज सेबी के पास जमा होंगे ड्राफ्ट पेपर्स; 27 करोड़ नए शेयर जारी करेगी कंपनी
रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम और टेक्नोलॉजी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स जल्द ही अपना बहुप्रतीक्षित IPO लेकर आने वाली है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में चेयरमैन मुकेश अंबानी ने घोषणा की कि कंपनी 19 जून को IPO के लिए सेबी के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल करेगी।
कंपनी IPO के जरिए ₹10 फेस वैल्यू वाले करीब 27 करोड़ नए शेयर जारी करने की तैयारी में है। शेयरों का इश्यू प्राइस बुक बिल्डिंग प्रक्रिया के जरिए तय किया जाएगा। सेबी की मंजूरी मिलने के बाद IPO बाजार में उतारा जाएगा।
मुकेश अंबानी ने बताया कि जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड ने IPO प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी संभाल रहे हैं।
जियो बना डिजिटल और AI क्रांति का प्रमुख आधार
मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो ने सफलता के 10 वर्ष पूरे कर लिए हैं और यह भारत की डिजिटल एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्रांति का प्रमुख माध्यम बन चुका है। वहीं रिलायंस रिटेल ने भी अपने 20 वर्ष पूरे कर लिए हैं और देश के संगठित रिटेल सेक्टर में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
AI और सैटेलाइट टेक्नोलॉजी पर बड़ा दांव
जियो प्लेटफॉर्म्स के एमडी आकाश अंबानी ने बताया कि कंपनी वैश्विक सैटेलाइट कंसोर्टियम्स के साथ साझेदारी कर रही है और भारत के लिए अपना लो-अर्थ ऑर्बिट (LEO) सैटेलाइट नेटवर्क विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि जियो भारतीय भाषाओं में AI तकनीक विकसित कर रहा है, ताकि देशभर के लोगों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग आसान और किफायती बनाया जा सके। कंपनी का लक्ष्य दशक के अंत तक AI को हर भारतीय की पहुंच में लाना है।
‘हे जियो’ कहकर मिलेगा AI असिस्टेंट
AGM में जियो ने अपने नए AI वॉइस असिस्टेंट ‘जियो कॉल एजेंट’ की भी घोषणा की। यह सीधे जियो नेटवर्क से जुड़ा होगा और इसके लिए किसी अलग ऐप की जरूरत नहीं होगी। यूजर्स सिर्फ “हे जियो” बोलकर इसे एक्टिव कर सकेंगे।
यह AI असिस्टेंट कॉल ट्रांसक्रिप्शन, कॉल समरी, रिमाइंडर, मीटिंग शेड्यूलिंग, कैब बुकिंग और फूड ऑर्डर जैसे कई काम कर सकेगा। कंपनी इसे इस साल के अंत तक 50 करोड़ से अधिक जियो यूजर्स के लिए लॉन्च करने की तैयारी में है।
जियो के 52 करोड़ से ज्यादा ग्राहक
आकाश अंबानी ने बताया कि जियो का ग्राहक आधार 52.4 करोड़ से अधिक हो चुका है, जबकि 1.3 करोड़ से ज्यादा घर जियो एयरफाइबर से जुड़ चुके हैं। इसके साथ ही जियो चीन के बाहर किसी एक देश में सबसे बड़ा 5G यूजर बेस रखने वाला टेलीकॉम ऑपरेटर बन गया है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi