Tuesday , September 15 2026

16 साल बाद भारत वापसी करेंगे IPL के संस्थापक ललित मोदी, कानूनी राहत के बाद किया ऐलान

आईपीएल के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने करीब 16 साल बाद भारत लौटने का एलान किया है। विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) से जुड़े 2009 आईपीएल दक्षिण अफ्रीका मामले में अपीलीय न्यायाधिकरण से राहत मिलने के बाद उन्होंने कहा कि वह इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में भारत लौटने की योजना बना रहे हैं।

ललित मोदी ने कहा कि 16 वर्षों तक चली कानूनी लड़ाई के बाद उन्हें न्याय मिला है। उनके मुताबिक, उन्होंने हमेशा आईपीएल के हित में काम किया और अब न्यायाधिकरण के फैसले ने उनके पक्ष को सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद वह अपने जीवन का नया अध्याय शुरू करना चाहते हैं और भारत लौटने का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उनकी बेटी अक्टूबर में बेटे को जन्म देने वाली हैं। पोते के जन्म के बाद वह भारत लौटने की योजना बना रहे हैं। उनके अनुसार, उनकी वापसी इस साल के अंत या अगले वर्ष की शुरुआत में हो सकती है।

16 जुलाई को SAFEMA के तहत गठित अपीलीय न्यायाधिकरण ने 2009 आईपीएल के दक्षिण अफ्रीका में आयोजन से जुड़े FEMA मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकांश निष्कर्षों और लगाए गए जुर्मानों को रद्द कर दिया। न्यायाधिकरण ने कहा कि उपलब्ध रिकॉर्ड में ऐसा कोई ठोस साक्ष्य नहीं है जिससे यह साबित हो कि कथित FEMA उल्लंघनों के लिए ललित मोदी जिम्मेदार थे।

यह मामला 2009 में लोकसभा चुनावों के दौरान भारत की जगह दक्षिण अफ्रीका में आईपीएल आयोजित कराने से जुड़ा है। ईडी का आरोप था कि विदेशी भुगतान के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। हालांकि, न्यायाधिकरण ने माना कि ये भुगतान करंट अकाउंट ट्रांजैक्शन थे, इसलिए ईडी का आधार टिक नहीं पाया।

ललित मोदी वर्ष 2010 से भारत से बाहर रह रहे हैं। उनके खिलाफ ईडी, बीसीसीआई और आयकर विभाग की ओर से विभिन्न मामलों में जांच चलती रही है। अब FEMA मामले में राहत मिलने के बाद उन्होंने भारत लौटने की मंशा जाहिर की है।

Check Also

भारत ने ट्रॉफी लेने से किया इनकार, ट्रॉफी चोर के नारों से गूंजा स्टेडियम; मैदान से निकले नकवी

दुबई में रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *