Friday , August 21 2026

कुश्ती में भारत का दबदबा, काजल ढोचक ने लगातार दूसरी बार अपने नाम किया विश्व खिताब

भारतीय महिला पहलवान काजल ढोचक ने अंडर-20 रेसलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 76 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में काजल ने चीन की जिंगरू सन को 7-0 से हराकर विश्व खिताब पर कब्जा जमाया।

18 वर्षीय काजल ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया और किसी भी मुकाबले में एक भी अंक नहीं गंवाया। फाइनल में उन्होंने शुरुआत से ही चीन की पहलवान पर दबाव बनाए रखा और पहले पीरियड में 3-0 की बढ़त बना ली। दूसरे पीरियड में भी उनका आक्रामक खेल जारी रहा और उन्होंने मुकाबला 7-0 से जीत लिया।

काजल लगातार दूसरी बार अंडर-20 विश्व चैंपियन बनी हैं। इससे पहले 2025 में उन्होंने 72 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। इस बार भारवर्ग बदलकर 76 किलोग्राम में उतरने के बावजूद उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर गोल्ड अपने नाम किया।

यह साल काजल के लिए बेहद खास रहा है। अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप का स्वर्ण 2026 में उनका लगातार पांचवां गोल्ड मेडल है। इससे पहले वह अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप, उलानबटार रैंकिंग सीरीज, अंडर-20 एशियन चैंपियनशिप और बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

काजल ने टूर्नामेंट में जापान की मियू ताकायामा को पिन कर अपने अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में तुर्की की एल्मिरा यासिन को 14-0 और सेमीफाइनल में अमेरिका की पाइपर फाउलर को 6-0 से हराया। फाइनल में चीन की जिंगरू सन को मात देकर काजल ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती का परचम विश्व मंच पर लहरा दिया।

Check Also

Spider Man Brand New Day: बॉलीवुड फिल्मों के बीच टिकी टॉम हॉलैंड की फिल्म, 22वें दिन किया इतना कलेक्शन

टॉम हॉलैंड स्टारर हॉलीवुड फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ भारतीय सिनेमाघरों में 22 दिन पूरे ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *