Tuesday , September 15 2026

आगरा को 421 करोड़ की विकास सौगात, सीएम योगी आज करेंगे परियोजनाओं का उद्घाटन और जनसभा को संबोधित

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर आगरा पहुंचे। उन्होंने फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया और शहर को 421 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से जालौन से सीधे टाटा मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने आगरा उत्तर, आगरा दक्षिण और आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का उल्लेख किया।

जनसभा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आयुक्त सभागार पहुंचे, जहां उन्होंने ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक की। बैठक में मथुरा और आगरा मंडल की कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री शनिवार रात सर्किट हाउस में प्रवास करेंगे। रविवार को वे डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, खंदारी परिसर स्थित शिवाजी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना और वृहद बीमा सुरक्षा योजना का शुभारंभ करेंगे।

कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री खेरिया एयरपोर्ट से मैनपुरी के लिए रवाना होंगे। उनका यह दौरा प्रदेश में विकास परियोजनाओं की प्रगति और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी नई पहलों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Check Also

यूपी में करोड़ों की ठगी का मामला: पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने मेरठ से पकड़ा

किसानों से होटल और फैक्टरी के नाम पर जमीन खरीदने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *