Monday , July 6 2026

6 जुलाई की बड़ी खबरें: पासपोर्ट इंडेक्स में भारत की रैंक गिरी, पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई का निधन

6 जुलाई के प्रमुख करेंट अफेयर्स में भारत की पासपोर्ट रैंकिंग में गिरावट, पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई का निधन, युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड, अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में INS सुदर्शिनी की भागीदारी और गुजरात में नए सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन प्रमुख रहे।

भारत 125वें स्थान पर पहुंचा
ग्लोबल सिटीजन सॉल्यूशंस (GCS) द्वारा जारी ग्लोबल पासपोर्ट इंडेक्स 2026 में भारत 124वें से फिसलकर 125वें स्थान पर पहुंच गया है। यह रैंकिंग वीजा-फ्री यात्रा, वैश्विक गतिशीलता, निवेश के अवसर और जीवन स्तर जैसे मानकों के आधार पर तैयार की जाती है। इस सूची में स्वीडन, स्विट्जरलैंड, फिनलैंड, जर्मनी, नीदरलैंड, डेनमार्क, आयरलैंड, ब्रिटेन, नॉर्वे और सिंगापुर शीर्ष-10 देशों में शामिल हैं।

पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई का निधन
छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक कलाकार और पंडवानी गायिका पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई का 4 जुलाई को 70 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने अपनी अनूठी शैली से महाभारत की कथाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाया। उन्हें पद्मश्री (1987), पद्म भूषण (2003), पद्म विभूषण (2019) और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार (1995) से सम्मानित किया गया था।

वैभव सूर्यवंशी ने बनाया रिकॉर्ड
15 साल 99 दिन की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से डेब्यू कर वैभव सूर्यवंशी भारत के सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हुआ INS सुदर्शिनी
भारतीय नौसेना का सेलिंग शिप INS सुदर्शिनी अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत न्यूयॉर्क में आयोजित ‘परेड ऑफ सेल’ में शामिल हुआ। ‘लोकायन 2026’ अभियान के तहत यह जहाज करीब 13,000 नॉटिकल मील की यात्रा कर अमेरिका पहुंचा है।

गुजरात में तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में देश के तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन किया। करीब 7,600 करोड़ रुपये की लागत से बने इस OSAT प्लांट में सेमीकंडक्टर चिप्स की पैकेजिंग, असेंबली और टेस्टिंग होगी। सरकार का लक्ष्य इस सुविधा के जरिए भारत को सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाना है।

आज का इतिहास
6 जुलाई 1885 को फ्रांसीसी वैज्ञानिक लुई पाश्चर ने पहली बार रेबीज रोधी टीके का सफल परीक्षण किया था। 1892 में दादाभाई नौरोजी ब्रिटिश संसद के लिए चुने जाने वाले पहले भारतीय बने। 1944 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने महात्मा गांधी को पहली बार ‘राष्ट्रपिता’ कहकर संबोधित किया था, जबकि 1964 में मलावी को ब्रिटेन से स्वतंत्रता मिली थी।

Check Also

23 जून करेंट अफेयर्स: महिला खिलाड़ियों के लिए ICC की नई नीति, तुषार मेहता का कार्यकाल 2029 तक बढ़ा

23 जून के करेंट अफेयर्स में राष्ट्रीय, खेल और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई अहम घटनाएं ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *