Sunday , October 11 2026

AIAPGET परीक्षा में अव्यवस्था पर बड़ा फैसला, Eduquity का पैनल निलंबित; जवाब तलब

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने AIAPGET 2026 परीक्षा के संचालन में लापरवाही को लेकर बड़ा कदम उठाया है। जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर बिजली गुल होने से कई अभ्यर्थियों की परीक्षा प्रभावित होने के बाद NTA ने परीक्षा आयोजित करने वाली कंपनी Eduquity Career Technologies Private Limited को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

मामला जयपुर के श्री सत्य साई पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र का है, जहां बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण 192 में से 49 अभ्यर्थी AIAPGET परीक्षा पूरी नहीं कर सके। इस लापरवाही के बाद NTA ने Eduquity Career Technologies Private Limited के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसका पैनल तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कंपनी को जारी कारण बताओ नोटिस के निस्तारण के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

प्रभावित 49 अभ्यर्थियों को राहत देते हुए NTA ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है। यह परीक्षा 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वुमेन, जयपुर में आयोजित की जाएगी। इसके लिए उम्मीदवारों को संशोधित प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे।

इस कार्रवाई के बाद साफ है कि परीक्षा संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही पर NTA सख्त रुख अपनाने के मूड में है। जयपुर केंद्र पर हुई बिजली संबंधी समस्या ने 49 अभ्यर्थियों की परीक्षा प्रभावित कर दी थी, जिसके चलते एजेंसी ने एक ओर दोबारा परीक्षा की व्यवस्था की, वहीं दूसरी ओर परीक्षा संचालन करने वाली कंपनी के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई कर जवाब तलब किया है।

Check Also

रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार 2026, हेनरी कागन और केन्सो सोई के नाम; ऑटोकैटालिसिस के लिए मिला सम्मान

2026 के नोबेल पुरस्कारों के तहत बुधवार को रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कार की घोषणा ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *