Friday , September 18 2026

अयोध्या राम मंदिर में बड़ा फैसला, चढ़ावा चोरी के बाद बदलेगी पूरी व्यवस्था; पास और CEO पर भी अपडेट

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट मंदिर की व्यवस्थाओं में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है। 22 जुलाई को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में दर्शन व्यवस्था, पूजा-पद्धति, राग-भोग, श्रद्धालु सुविधाओं, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार से जुड़े कई अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है।

ट्रस्ट का लक्ष्य दर्शन व्यवस्था को अधिक सुगम, चढ़ावा प्रबंधन को पूरी तरह पारदर्शी और प्रशासनिक प्रणाली को अधिक जवाबदेह बनाना है। संत समाज और रामानंदीय परंपरा के विद्वानों के सुझावों के आधार पर नई व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी।

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने बताया कि चढ़ावे की गिनती की नई व्यवस्था पहले से अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाई गई है। उन्होंने जल्द ही नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति के संकेत भी दिए। उनके मुताबिक, नए CEO के कार्यभार संभालने के बाद ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था और मजबूत होगी।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत मुख्य अभियंता जगदीश आफले और चार्टर्ड अकाउंटेंट चंदन राय को ट्रस्ट के विभिन्न बैंक खातों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, वीआईपी और सुगम दर्शन पास जारी करने की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। पूर्व महासचिव चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा और गोपाल राव की सिस्टम आईडी निष्क्रिय कर दी गई हैं, जबकि ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास को नई आईडी जारी की गई है। अब उनकी संस्तुति पर वीआईपी और सुगम दर्शन पास जारी किए जा सकेंगे।

ट्रस्ट का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य मंदिर की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाना है।

Check Also

हत्याकांड के बाद सुब्रत की जल्दबाजी पर उठे सवाल, चौथे दिन संभाला कारोबार; पोस्ट-रील्स भी गायब

कानपुर में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या की जांच अब पारिवारिक विवाद के साथ ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *