Tuesday , November 3 2026
Breaking News

यूपी में इंफ्रास्ट्रक्चर को बड़ा बूस्ट, एयरपोर्ट-आउटर रिंग रोड एलिवेटेड कॉरिडोर समेत 60 हजार करोड़ की योजनाएं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सड़क नेटवर्क को नई रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने प्रदेश को 50 से 60 हजार करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सड़क अवसंरचना के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान लखनऊ में ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड तक एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव भी सामने आया, जिसे केंद्रीय मंत्री ने सिद्धांत रूप से मंजूरी दे दी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए 50 से 60 हजार करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने बताया कि अगले दो वर्षों में प्रदेश में लगभग पांच लाख करोड़ रुपये की लागत से सड़क विकास कार्य कराए जाएंगे, जिससे राज्य का सड़क नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा तथा आवागमन पहले से कहीं अधिक सुगम और तेज बनेगा।

अपने संबोधन में गडकरी ने कहा कि अच्छी सड़कें किसी भी देश की आर्थिक प्रगति की रीढ़ होती हैं। उन्होंने कहा कि जब वह पहली बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश आए थे, तब कई सड़क परियोजनाओं की घोषणाएं की गई थीं। उस समय भी उन्होंने भरोसा दिलाया था कि जो वादा करेंगे, उसे पूरा करके दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि अपने 45 वर्षों के राजनीतिक जीवन में उन्होंने कभी झूठा आश्वासन नहीं दिया और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

राजनाथ सिंह ने रखी एलिवेटेड रोड की मांग

उद्घाटन समारोह के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक का मुद्दा उठाया। उन्होंने लखनऊ एयरपोर्ट से शहीद पथ होते हुए आउटर रिंग रोड तक लगभग 23 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड के निर्माण का प्रस्ताव रखा। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि इस एलिवेटेड कॉरिडोर के ऊपर भविष्य में मेट्रो संचालन की व्यवस्था भी की जाए, ताकि राजधानी में यातायात का दबाव कम किया जा सके।

राजनाथ सिंह की मांग पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तत्काल सहमति जताते हुए कहा कि परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) जल्द तैयार कराई जाएगी और इसी वर्ष दिसंबर से पहले भूमिपूजन कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएगी।

सिक्स लेन सड़क और किसान पथ पर सर्विस रोड का भी ऐलान

एलिवेटेड रोड के अलावा लखनऊ से सीतापुर तक सिक्स लेन सड़क विकसित करने की योजना पर भी सहमति बनी है। साथ ही किसान पथ पर सर्विस रोड के निर्माण की भी घोषणा की गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से राजधानी और आसपास के जिलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

सरकार का मानना है कि इन नई सड़क परियोजनाओं से उत्तर प्रदेश में परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, निवेश आकर्षित होगा और लोगों को तेज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा। सड़क अवसंरचना के विस्तार के साथ प्रदेश के आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Check Also

दिवाली पर अयोध्या जाने से पहले जान लें ये जरूरी बातें: होटल का किराया, यात्रा का खर्च और रामलला के दर्शन की पूरी तैयारी

दिवाली के मौके पर भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में रामलला के दर्शन करने की ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *