रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की भारी वर्षा की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर भूस्खलन संभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में सेक्टर अधिकारी, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
सोनप्रयाग से केदारनाथ धाम तक प्रशासनिक टीमें यात्रा मार्ग की निगरानी कर रही हैं। यात्रियों, स्थानीय लोगों और दुकानदारों को मौसम की ताजा स्थिति की जानकारी दी जा रही है। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
एहतियात के तौर पर संगम घाट क्षेत्र में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुरक्षा संबंधी कदम उठाए जाएंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें और केवल प्रशासन की सलाह के अनुसार ही यात्रा करें।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi