Sunday , November 29 2026

अमरोहा: शमी या उनके भाई हसीब जहां से लड़ेंगे चुनाव, हसीन जहां ने भी उसी सीट से मुकाबले का किया एलान

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का नाम इन दिनों क्रिकेट के साथ-साथ अमरोहा की राजनीति में भी चर्चा में है। पहले राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी और अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद उनके राजनीति में आने की अटकलें तेज हो गई हैं। चर्चा है कि शमी 2027 के विधानसभा चुनाव में अमरोहा सदर सीट से मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि, शमी ने अभी तक किसी राजनीतिक दल में शामिल होने या चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
पहले जयंत चौधरी से हुई थी मुलाकात
मोहम्मद शमी ने 20 सितंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात की तस्वीर जयंत चौधरी ने खुद सोशल मीडिया पर साझा की थी। इसके बाद शमी के अमरोहा सदर सीट से 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।

हालांकि, रालोद की ओर से बाद में स्पष्ट किया गया था कि शमी अमरोहा में खेल सुविधाओं के लिए सांसद निधि से डेढ़ करोड़ रुपये देने पर आभार जताने पहुंचे थे। पार्टी ने इस मुलाकात को राजनीतिक उद्देश्य से जुड़ा नहीं बताया था।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात के बाद चर्चाएं तेज
रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मोहम्मद शमी की मुलाकात की चर्चा ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलों को और हवा दे दी। इस मुलाकात के दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे।

मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा होने लगी कि शमी भाजपा के साथ अपनी राजनीतिक पारी शुरू कर सकते हैं। हालांकि, भाजपा में शामिल होने या चुनाव लड़ने को लेकर शमी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
हसीन जहां भी दे चुकी हैं चुनाव लड़ने की चुनौती
मोहम्मद शमी की राजनीति में आने की चर्चाओं के बीच उनकी पत्नी हसीन जहां भी पहले बयान दे चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि यदि मोहम्मद शमी या उनके भाई हसीब अमरोहा से चुनाव लड़ते हैं तो वह भी उनके खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगी।

हसीन जहां ने यह भी कहा था कि यदि उन्हें किसी राजनीतिक पार्टी से टिकट नहीं मिलता है तो वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगी। उनके इस बयान के बाद अमरोहा की राजनीति में शमी और हसीन जहां को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई थीं।
क्रिकेट की पिच से सियासत की पिच तक?
अमरोहा के सहसपुर अलीनगर निवासी मोहम्मद शमी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी तेज गेंदबाजी से पहचान बना चुके हैं। अब उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर स्थानीय स्तर पर भी उत्सुकता बनी हुई है। फिलहाल रालोद और भाजपा से जुड़ने की चर्चाएं केवल अटकलों तक सीमित हैं। शमी की ओर से कोई औपचारिक घोषणा नहीं होने के कारण यह स्पष्ट नहीं है कि वह राजनीति में कदम रखेंगे या नहीं।

Check Also

जनकपुर और अयोध्या के सदियों पुराने रिश्ते होंगे मजबूत, रामलला के तिलक के लिए नेपाल से पहुंचा दल, 10 महिलाएं भी शामिल

राम-जानकी विवाहोत्सव के पारंपरिक आयोजनों के तहत रविवार को माता सीता के मायके जनकपुर से ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *