गोरखपुर में गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के 37वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने वर्ष 2004-05 का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय गीडा में उद्योगों की स्थापना नहीं हो रही थी, बल्कि तत्कालीन सरकार यहां बूचड़खाना खोलने के लिए जमीन पर जबरन निर्माण कराने का प्रयास कर रही थी। उस समय वह सांसद थे और सहजनवां के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर इस प्रयास का विरोध किया था।
बूचड़खाना खोलने के प्रयास का किया था विरोध
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उस समय उन्होंने स्पष्ट किया था कि गोरखपुर में बूचड़खाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस मुद्दे पर कार्यकर्ताओं के साथ कई दिनों तक संघर्ष चला और आखिरकार उन्हें सफलता मिली। उन्होंने कहा कि गीडा में उद्योगों की स्थापना होनी चाहिए, जिससे क्षेत्र के लोगों को रोजगार और विकास के अवसर मिल सकें।
विकास के संसाधन सैफई ले जाने का लगाया आरोप
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार क्षेत्र के विकास के लिए प्रस्तावित संसाधनों को सैफई ले जा रही थी। उन्होंने विरोध करते हुए कहा था कि यदि क्षेत्र के विकास के संसाधन सैफई ले जाए जा रहे हैं तो बूचड़खाना भी वहीं ले जाया जाए। गोरखपुर अपना विकास स्वयं कर लेगा। मुख्यमंत्री ने पुराने संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उन्होंने क्षेत्र के हित में आवाज उठाई थी।
502 करोड़ की 104 परियोजनाओं की सौगात
गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 502 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में विकास और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की गई है।
17,650 करोड़ रुपये के निवेश पर एमओयू
कार्यक्रम के दौरान पांच कंपनियों के साथ 17,650 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
हैंडलूम और टेक्सटाइल उद्योगों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने हैंडलूम और टेक्सटाइल उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए लेटर ऑफ कंफर्ट दिए। इसके साथ ही नई आवासीय योजना की शुरुआत भी की गई। उन्होंने इन पहलों को गीडा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए गोरखपुर और सहजनवां के लोगों को स्थापना दिवस की बधाई दी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi