Friday , November 27 2026

यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बयानबाजी तेज, इमरान मसूद ने 105 से अधिक सीटों की मांग की

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पार्टी की सीटों को लेकर स्पष्ट रुख सामने रखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में 105 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मसूद ने कहा कि 2017 में पार्टी ने 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उस समय कांग्रेस की स्थिति कमजोर थी। अब पार्टी पहले से काफी मजबूत है।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने न्यूनतम सीटों को लेकर सवाल पूछे जाने पर कहा, “105 सीटें नहीं, 105 से ऊपर। 2017 में हमने 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था, तब हमारी स्थिति बहुत कमजोर थी, लेकिन अब हम बहुत मजबूत स्थिति में हैं।”
सपा नेताओं को इमरान मसूद का जवाब
सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने कहा कि उन्हें किसी से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है। अपनी पार्टी के लिए आवाज उठाना और उसकी बात मजबूती से रखना उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के पक्ष में बोलते रहेंगे और भाजपा के खिलाफ ईमानदारी से लड़ाई लड़ेंगे।

मसूद ने कहा, “अगर मैं आपकी हर बात मानता रहूं, आपके दिए हुए टुकड़े स्वीकार कर सिर झुकाकर चलता रहूं, तभी अच्छा हूं? क्या भाजपा को हराने का पूरा बोझ हम अपने कंधों पर लेकर चलें और खुद को समर्पित कर दें, तभी हम अच्छे हैं? अगर लड़ाई लड़नी है तो ईमानदारी से लड़िए।”

उन्होंने दोहराया कि वह अपनी पार्टी के लिए बात रख रहे हैं और आगे भी ऐसा करते रहेंगे। कांग्रेस सांसद के इस बयान से उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच सीटों को लेकर चल रही चर्चा और बयानबाजी फिर तेज होने के संकेत हैं।

Check Also

यूपी के उप मुख्यमंत्री ने राहुल और अखिलेश पर साधा निशाना, बोले- 2047 तक सत्ता में आने की उम्मीद न रखें

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को मेरठ में आयोजित जनसभा ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *