Friday , November 27 2026

केजरीवाल के सरकारी आवास का होगा दीदार: शीश महल देखने के लिए देना पड़ सकता है 20 रुपये, जानिए क्या है सरकार की योजना

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सरकारी आवास रहा 6, फ्लैगस्टाफ रोड एक बार फिर चर्चा में है। शुक्रवार को दिल्ली सरकार ने इस आवास को मीडिया के लिए खोला। भाजपा ने 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान इस आवास को ‘शीश महल’ नाम देकर इसके निर्माण और साज-सज्जा पर सरकारी धन खर्च करने को लेकर आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। अब दिल्ली की भाजपा सरकार इस आवास को आम जनता के सामने प्रदर्शित करने की तैयारी कर रही है। शुक्रवार को पहले मीडिया को परिसर का दौरा कराया गया। इसके बाद आम लोगों को भी टिकट लेकर इसे देखने का मौका मिलेगा। हालांकि, अभी तारीख तय नहीं की गई है।
आवास पर खर्च का ब्योरा प्रदर्शित
दिल्ली सरकार की ओर से परिसर में रखे सामान, सुविधाओं और उनके खर्च का ब्योरा प्रदर्शित किया गया है। परिसर के बाहर कुल खर्च 58.83 करोड़ रुपये दर्शाया गया है। फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सजावटी सामान और अन्य सुविधाओं की कीमतों के साथ बिल भी प्रदर्शित किए गए हैं।

दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को यह दिखाना है कि पूर्व मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर किस तरह सरकारी धन खर्च किया गया। उन्होंने बताया कि परिसर में सामान और सुविधाओं की कीमतों का विवरण भी लगाया गया है, ताकि लोग खर्च को देख सकें।
20 रुपये हो सकता है प्रवेश शुल्क
सरकार की योजना है कि आम लोगों को भी इस परिसर को देखने का मौका दिया जाए। इसके लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था की जाएगी। प्रवेश शुल्क करीब 20 रुपये होने की संभावना जताई गई है, हालांकि इसकी अंतिम घोषणा अभी नहीं हुई है। विधानसभा की लोक लेखा समिति (पीएसी) इस मामले की समीक्षा कर रही है। समिति की जांच के बाद ही आम लोगों के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी।
सीएजी रिपोर्ट में 33.66 करोड़ रुपये खर्च का उल्लेख
आवास के निर्माण और नवीनीकरण को लेकर पहले भी विवाद रहा है। सीएजी की रिपोर्ट में आवास के निर्माण और नवीनीकरण पर 33.66 करोड़ रुपये खर्च होने का उल्लेख किया गया था, जबकि शुरुआती अनुमान 7.91 करोड़ रुपये था। रिपोर्ट में लागत बढ़ने और निर्माण प्रक्रिया से जुड़ी कुछ अनियमितताओं की ओर भी ध्यान दिलाया गया था। भाजपा इस रिपोर्ट को अपने आरोपों के समर्थन में पेश करती रही है।

दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी इन आरोपों को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताती रही है। पार्टी का कहना रहा है कि यह मुख्यमंत्री का आधिकारिक सरकारी आवास था।
2025 के विधानसभा चुनाव में बना था बड़ा राजनीतिक मुद्दा
भाजपा ने 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को ‘शीश महल’ नाम दिया था। पार्टी ने आवास की साज-सज्जा और महंगी सुविधाओं को लेकर तत्कालीन आप सरकार पर सवाल उठाए थे और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए थे। अब भाजपा सरकार इसी आवास को जनता के सामने प्रदर्शित कर खर्च का ब्योरा दिखाने की तैयारी कर रही है।

सरकार की योजना है कि सीमित अवधि तक आम लोगों को परिसर देखने का मौका दिया जाए। इसके बाद इसे निजी आतिथ्य एजेंसी को सौंपने पर भी विचार किया जा रहा है, जहां सरकारी बैठकें, सम्मेलन और भोज आयोजित किए जा सकते हैं।

Check Also

उत्तराखंड की आशा कार्यकर्ताओं के लिए खुशखबरी, धामी सरकार ने मासिक मानदेय बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया

उत्तराखंड में आशा कार्यकर्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *