बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने सिंगर श्रेया घोषाल के कॉन्सर्ट में पहुंचकर फैंस को खास सरप्राइज दिया। इस दौरान श्रद्धा ने न सिर्फ स्टेज पर डांस किया, बल्कि अपनी फिल्म ‘आशिकी 2’ का लोकप्रिय गाना ‘सुन रहा है ना तू’ भी गाया। उनकी परफॉर्मेंस देखकर दर्शक उत्साहित हो गए और उन्हें फिल्म के किरदार ‘आरोही’ के नाम से पुकारने लगे।
श्रेया के कॉन्सर्ट में श्रद्धा की सरप्राइज एंट्री
श्रेया घोषाल ने रविवार, 22 नवंबर को बेंगलुरु में अपने ‘अनस्टॉपेबल इंडिया टूर’ की शुरुआत की। कॉन्सर्ट की पहली रात को खास बनाने के लिए श्रद्धा कपूर भी स्टेज पर पहुंचीं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में श्रद्धा श्रेया के साथ डांस करती और गाना गाती नजर आ रही हैं।
कॉन्सर्ट के दौरान श्रेया घोषाल ने श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईठा’ का गाना ‘जी जी रे जी’ गाया। इसी बीच श्रद्धा अचानक स्टेज पर पहुंच गईं और गाने पर डांस करने लगीं। अभिनेत्री को मंच पर देखकर दर्शकों ने खूब उत्साह दिखाया।
‘सुन रहा है ना तू’ गाकर फिर याद दिलाई आरोही
इसके बाद श्रेया घोषाल ने श्रद्धा कपूर से उनकी फिल्म ‘आशिकी 2’ का गाना ‘सुन रहा है ना तू’ गाने के लिए कहा। शुरुआत में श्रद्धा थोड़ी हिचकिचाती नजर आईं, लेकिन बाद में उन्होंने गाना शुरू कर दिया।
श्रद्धा के गाना खत्म करते ही पूरा स्टेडियम तालियों और शोर से गूंज उठा। वहां मौजूद फैंस उन्हें फिल्म में उनके किरदार के नाम आरोही से पुकारने लगे। परफॉर्मेंस के बाद श्रेया ने श्रद्धा को गले लगा लिया। फिल्म ‘आशिकी 2’ में श्रद्धा ने आरोही का किरदार निभाया था और श्रेया घोषाल ने उनके लिए कई गाने गाए थे।
श्रेया के लिए श्रद्धा ने लिखा खास संदेश
कॉन्सर्ट के बाद श्रद्धा कपूर ने सोशल मीडिया पर श्रेया घोषाल के साथ तस्वीरें साझा करते हुए उनके लिए खास संदेश लिखा।
श्रद्धा ने लिखा कि यह उनके लिए किसी जादू जैसा है कि उनकी फिल्म ‘ईठा’ के गाने ‘जी जी रे जी’ को श्रेया घोषाल जैसी शानदार आवाज वाली गायिका ने गाया है। उन्होंने याद किया कि 13 साल पहले भी श्रेया ही फिल्म ‘आशिकी 2’ में आरोही की आवाज बनी थीं, उस समय उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल गई थी।
श्रद्धा ने अपने पोस्ट में स्टेज पर बुलाने के लिए श्रेया का आभार भी जताया।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi