उत्तराखंड गठन के करीब 26 साल बाद पहली बार चंपावत जिले के बनबसा में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में रविवार सुबह 11 बजे एनएचपीसी परिसर में बैठक होगी। बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कैबिनेट बैठक में प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और फैसले होने की संभावना है। चुनावी वर्ष को देखते हुए सरकार का फोकस युवाओं, महिलाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों पर रह सकता है।
युवाओं और महिलाओं के लिए प्रस्तावों पर चर्चा
बैठक में महिलाओं के लिए नई कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर विचार किया जा सकता है। वहीं युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने से जुड़े फैसले भी लिए जाने की संभावना है।
सरकार पर्यटन के जरिए रोजगार को बढ़ावा देने से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा कर सकती है। चंपावत समेत सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन विकास को लेकर भी अहम निर्णय संभव हैं।
विधानसभा सत्र पर भी हो सकता है फैसला
कैबिनेट बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की तारीख और स्थान को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है। इसके अलावा प्रदेश के विकास और प्रशासन से जुड़े अन्य प्रस्तावों पर मंत्रिमंडल की मुहर लग सकती है।
बनबसा भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित है और मुख्यमंत्री धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत का हिस्सा है। जिले में पहली बार कैबिनेट बैठक होने को लेकर स्थानीय स्तर पर भी उत्साह है। बैठक में शामिल होने वाले मंत्रियों और अधिकारियों को पहाड़ी संस्कृति और पारंपरिक खानपान की झलक भी देखने को मिलेगी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi