भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और अमरोहा के सहसपुर अलीनगर निवासी मोहम्मद शमी की राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं। दोनों की मुलाकात की तस्वीर जयंत चौधरी ने सोशल मीडिया पर साझा की है। इसके बाद शमी के 2027 के विधानसभा चुनाव में राजनीतिक पदार्पण को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
जयंत चौधरी से दिल्ली में मिले शमी
मोहम्मद शमी ने रविवार को दिल्ली में रालोद प्रमुख जयंत चौधरी से मुलाकात की। जयंत चौधरी ने इस मुलाकात की तस्वीर फेसबुक पर साझा करते हुए शमी जैसे क्रिकेटर से मिलना सुखद अनुभव बताया। हालांकि, इस मुलाकात का राजनीतिक उद्देश्य क्या था, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मुलाकात के बाद अमरोहा और आसपास के राजनीतिक क्षेत्रों में शमी के राजनीति में आने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर भी शमी या उनके परिवार के किसी सदस्य के राजनीति में आने को लेकर कयास लगाए जा रहे थे।
शमी के चुनाव लड़ने पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं
मोहम्मद शमी के चुनाव लड़ने को लेकर अभी तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं, उनके परिवार और रालोद नेताओं ने भी इस संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
रालोद के अमरोहा जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी ने भी कहा कि उन्हें शमी और जयंत चौधरी की मुलाकात के उद्देश्य की जानकारी नहीं है।
क्रिकेट से लंबे समय से दूर हैं शमी
मोहम्मद शमी करीब 17 महीने से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 9 मार्च 2025 को न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेला था। इसके बाद इंग्लैंड और श्रीलंका दौरों के लिए भी उन्हें टीम में जगह नहीं मिली।
शमी की क्रिकेट से दूरी और जयंत चौधरी से मुलाकात को जोड़कर उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। हालांकि, फिलहाल इसे लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परिवार के किसी सदस्य के चुनाव लड़ने की भी चर्चा
अमरोहा के राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि अगर मोहम्मद शमी खुद राजनीति में नहीं आते हैं तो उनके परिवार का कोई अन्य सदस्य चुनाव मैदान में उतर सकता है। उनके बड़े भाई हसीब का नाम पहले भी अमरोहा से चुनाव लड़ने की चर्चाओं में सामने आ चुका है।
फिलहाल शमी की जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद राजनीतिक चर्चाओं का दौर जरूर शुरू हो गया है, लेकिन उनके चुनाव लड़ने या किसी राजनीतिक दल में शामिल होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi