Sunday , August 23 2026

सहस्त्रधारा में दर्दनाक हादसा, नहाने के दौरान बह गया दिल्ली का पर्यटक; SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन

देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से घूमने आए करीब 50 वर्षीय पर्यटक नौथ राम नहाने के दौरान पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बह गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण इन दिनों नदियों और झरनों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। सहस्त्रधारा में भी पानी का बहाव काफी तेज बताया जा रहा है। रविवार सुबह नौथ राम पानी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान वह तेज धारा की चपेट में आ गए और देखते ही देखते पानी में बह गए।

घटना की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद सहस्त्रधारा स्थित एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने पहले परिजनों और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद नदी और झरने के आसपास संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान शुरू किया गया।

एसडीआरएफ के जवानों ने तेज बहाव के बीच नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाश की। काफी मशक्कत के बाद टीम को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर पांडव वाला पुल के पास व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव की पहचान दिल्ली निवासी नौथ राम के रूप में हुई।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों की नदियों और झरनों में पानी का बहाव तेज बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन और बचाव एजेंसियां लोगों तथा पर्यटकों से पानी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील कर रही हैं।

Check Also

रुड़की में सनसनीखेज वारदात: कैंटीन बंद कर लौट रहे संचालक को बदमाशों ने गोलियों से भूना

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में शुक्रवार देर रात एक शराब कैंटीन संचालक की ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *