लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पान मसाला, सुगंधित जर्दा और गुटखा के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई हुई है। जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) की लखनऊ क्षेत्रीय इकाई ने चित्रकूट और बांदा में छापेमारी कर कर चोरी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। जांच में करीब 185 करोड़ रुपये की टैक्स और उपकर चोरी सामने आई है।
डीजीजीआई की टीम ने 18 अगस्त की आधी रात को छह अलग-अलग परिसरों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 27 अघोषित पाउच-पैकिंग मशीनें जब्त की गईं। इनमें सुगंधित जर्दा की छह, पान मसाला की नौ और दोहरा व देसी गुटखा बनाने वाली 12 मशीनें शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में तैयार पाउच और कच्चा माल भी बरामद किया गया। टीम को 15 लाख से अधिक तैयार पाउच, 32.9 टन सुपारी, 2.8 टन तंबाकू, 8.4 टन पैकिंग सामग्री, 470 किलो कत्था पाउडर, 850 किलो ग्लिसरीन, 545 किलो एसेंस और 256 किलो बिना पैक पान मसाला मिला। इसके अलावा मिश्रण, सुपारी क्रशिंग और सुखाने वाली मशीनें भी बरामद की गईं।
जांच में सामने आया कि बिना जीएसटी, उपकर और केंद्रीय उत्पाद शुल्क चुकाए माल को बाजार में भेजा जा रहा था। कार्रवाई के बाद निर्माण फर्म के मालिक को 19 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
डीजीजीआई के अनुसार, पान मसाला और तंबाकू कारोबार में कर चोरी के खिलाफ देशभर में कार्रवाई जारी है। अब तक ऐसे 27 मामलों में करीब 668 करोड़ रुपये की कर चोरी पकड़ी जा चुकी है और 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi