देशभर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है। दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने देश के स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन वीरों के साहस, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिनके प्रयासों से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत के गौरवशाली अतीत के साथ उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का भी प्रतीक है।
सीएम ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की निरंतर जिम्मेदारी भी है। उन्होंने देशवासियों से विकास और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
छत्रसाल स्टेडियम में कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में दिल्लीवासियों को संबोधित किया। दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने भी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सरकार की अब तक की उपलब्धियों के साथ आगे की योजनाओं और रोडमैप को भी जनता के सामने रखा।
केजरीवाल पर कपिल मिश्रा का निशाना
अरविंद केजरीवाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली में अब उनकी प्रासंगिकता काफी कम हो गई है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की युवा पीढ़ी ने केजरीवाल को नकार दिया है।
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में भी फहराया गया तिरंगा
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली पुलिस मुख्यालय में भी ध्वजारोहण किया गया। स्पेशल सीपी/पी एंड एफडी राजेश खुराना ने तिरंगा फहराया और अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों ने देश की सेवा और सुरक्षा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi