Tuesday , October 6 2026

Gold Price Today: मुनाफावसूली के दबाव में सोना टूटा, सात सत्र बाद आई बड़ी गिरावट

राजधानी दिल्ली के सराफा बाजार में गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। लगातार सात सत्रों की तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली से सोने के भाव में 2,800 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई। वहीं, चांदी भी 6,000 रुपये प्रति किलोग्राम टूट गई।

सोना 2,800 रुपये सस्ता

ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, दिल्ली में 10 ग्राम सोने का भाव 2,800 रुपये घटकर 1,57,000 रुपये पर आ गया। बुधवार को सोना 1,59,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। लगातार तेजी के बाद ऊंचे स्तर पर निवेशकों ने मुनाफा वसूला, जिसका असर कीमतों पर पड़ा।

चांदी भी 6,000 रुपये टूटी

चांदी की कीमत में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। चांदी 6,000 रुपये टूटकर 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 2,46,000 रुपये प्रति किलोग्राम था।

एलकेपी सिक्योरिटीज के रिसर्च विश्लेषक जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, ऊंचे स्तर पर निवेशकों की मुनाफावसूली के कारण कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गिरावट

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी रही। स्पॉट गोल्ड 0.43 फीसदी गिरकर 4,389.67 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं, स्पॉट सिल्वर मामूली गिरावट के साथ 65.03 डॉलर प्रति औंस पर रहा।

विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी जुलाई CPI के आंकड़े बाजार की उम्मीदों के अनुरूप रहने के बाद उसका असर काफी हद तक कीमतों में शामिल हो चुका है। ऐसे में निवेशकों ने मुनाफावसूली को प्राथमिकता दी।

अब PPI आंकड़ों पर बाजार की नजर

अब निवेशकों की नजर अमेरिकी उत्पादक मूल्य सूचकांक (PPI) के आंकड़ों पर है। विशेषज्ञों का कहना है कि PPI के आंकड़े महंगाई और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी नीतिगत दिशा को लेकर महत्वपूर्ण संकेत दे सकते हैं।

अगर PPI के आंकड़े उम्मीद से कम रहते हैं तो फेड के नरम रुख की संभावना बढ़ सकती है, जिससे सोने जैसी कीमती धातुओं को समर्थन मिल सकता है। वहीं, उम्मीद से अधिक महंगाई के संकेत मिलने पर सोने-चांदी में बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है।

Check Also

माल ढुलाई होगी आसान और तेज, तीन नए लॉजिस्टिक पार्क से बदल सकता है परिवहन का ढांचा

देश में माल ढुलाई को आसान बनाने और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *