Tuesday , October 6 2026

बसपा का Gen Z पर फोकस, आकाश आनंद के जरिए युवा वोटरों को जोड़ने की रणनीति; अखिलेश-राहुल पर निशाना

उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अब युवाओं और खासकर Gen Z को अपने साथ जोड़ने की रणनीति पर जोर देती दिख रही है। पार्टी ने संगठन में युवाओं को जिम्मेदारी देने के साथ सोशल मीडिया और युवा मुद्दों पर भी सक्रियता बढ़ाई है। इसी बीच बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद का राहुल गांधी और अखिलेश यादव को ‘अंकल’ कहना चर्चा में है।

आकाश आनंद ने हाथरस के सादाबाद में एक जनसभा के दौरान Gen Z के आंदोलन का जिक्र करते हुए राहुल गांधी और अखिलेश यादव को ‘अंकल’ कहा था। राजनीतिक जानकार इसे युवा मतदाताओं के बीच बसपा की अलग पहचान बनाने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं।

मायावती ने भी युवाओं के मुद्दों पर बढ़ाई सक्रियता

हालिया छात्र आंदोलन के बीच बसपा सुप्रीमो मायावती ने युवाओं के मुद्दों का समर्थन किया है। उन्होंने रोजगार समेत छात्रों से जुड़े विषयों को उठाते हुए भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधा और बसपा को युवाओं के हित में काम करने वाली पार्टी के रूप में पेश किया।

पार्टी ने लोकसभा चुनाव के बाद संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया है। आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी देने के साथ अन्य युवा चेहरों को भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं दी गई हैं।

सोशल मीडिया पर युवाओं पर फोकस

बसपा ने सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बढ़ाने की जिम्मेदारी आकाश आनंद की टीम को दी है। हाथरस के सादाबाद में उनकी जनसभा के दौरान ‘बहन जी का संदेश’ हैशटैग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेजी से ट्रेंड हुआ। पार्टी के मुताबिक, इस अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी रही।

चुनाव में युवा चेहरों को प्राथमिकता

बसपा आगामी विधानसभा चुनाव में भी युवाओं को प्रतिनिधित्व देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पार्टी ने जालौन की माधौगढ़ सीट से आशीष पांडेय को अपना पहला प्रत्याशी घोषित किया है। इसके अलावा कई अन्य सीटों पर भी युवा चेहरों को मौका दिया जा रहा है।

ऐसे में आकाश आनंद का राहुल गांधी और अखिलेश यादव को ‘अंकल’ कहना सिर्फ बयानबाजी नहीं, बल्कि युवा मतदाताओं के बीच राजनीतिक संदेश देने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। बसपा का फोकस अब युवाओं को संगठन, सोशल मीडिया और चुनावी राजनीति में अधिक जगह देने पर दिखाई दे रहा है।

Check Also

SIR पर कांग्रेस का हमला: मनोज रावत बोले- मतदाता सूची से वोट काटने का जवाब दे आयोग

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाता सूची में नाम हटाए जाने को ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *