झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन सोमवार को भी जारी रहा। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी विधानसभा के गेट नंबर एक तक पहुंच गए और सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही।
सोमवार शाम प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की ओर से दोबारा लाठीचार्ज किया गया। कार्रवाई के बाद JLKएम नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस उन्हें एंबुलेंस से प्रदर्शन स्थल से ले गई। उन्हें कहां ले जाया गया, इसकी आधिकारिक जानकारी तत्काल सामने नहीं आई।
छात्रों के समर्थन में भाजपा ने बुलाया बंद
पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। पार्टी ने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया और पुलिस कार्रवाई की निंदा की।
विधानसभा के गेट पर पहुंचे प्रदर्शनकारी
JPSC-JSSC की मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने सोमवार को विधानसभा की ओर मार्च किया। प्रदर्शनकारी विधानसभा के गेट नंबर एक तक पहुंच गए और वहीं धरने पर बैठ गए। छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी।
पुलिस ने बताई कार्रवाई की वजह
रांची सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, अधिकांश छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और तीन पुलिसकर्मी भीड़ की चपेट में आए। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव भी किया गया।
एसपी ने कहा कि पुलिस ने संयम बरता और कम समय के लिए सख्ती की। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और हिंसा से बचने की अपील की।
राहुल गांधी ने भी पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग को गलत बताया और कहा कि शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार सभी को है। उन्होंने बातचीत के जरिए छात्रों की समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
JPSC के पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार
इसी बीच JPSC की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के मामले में झारखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते को CID ने गिरफ्तार किया है। कथित गड़बड़ियों की जांच के दौरान CID की ओर से JPSC मुख्यालय में छापेमारी भी की गई थी।
छात्र JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच और अपनी अन्य मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार की घटनाओं के बाद झारखंड में राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi