मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के प्रकाश बम्हौरी गांव में सोमवार को घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल महोबा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
कहासुनी के बाद बच्चों को लेकर घर से निकली महिला
प्रकाश बम्हौरी गांव निवासी सुरेश कुशवाहा अपनी पत्नी भागवती (21), डेढ़ वर्षीय बेटे पुष्पेंद्र और तीन वर्षीय बेटी संध्या के साथ खेत में बने मकान में रहता था। सोमवार दोपहर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कहासुनी के बाद भागवती दोनों बच्चों को लेकर घर से निकल गई।
कुछ दूरी पर खेत में बने कुएं में उसने दोनों बच्चों के साथ छलांग लगा दी। आसपास खेतों में मौजूद किसानों ने घटना देखी और पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों की मदद से तीनों को कुएं से निकाला
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों को कुएं से बाहर निकाला। तब तक भागवती की मौत हो चुकी थी। दोनों बच्चों की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल महोबा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजन इस मामले में कुछ भी स्पष्ट बताने से बचते रहे। परिजनों की ओर से बच्चों के कुएं में गिरने की बात भी कही गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
एक साथ तीन मौतों से गांव में मातम छा गया। प्रकाश बम्हौरी थानाध्यक्ष श्याम बैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi