Friday , September 18 2026

मोमबत्ती गोदाम में लगी भीषण आग, रिहायशी इलाके में अफरा-तफरी; आग बुझाने में जुटीं छह जिलों की दमकल गाड़ियां

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के सागर सराय इलाके में शनिवार तड़के मोमबत्ती के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटों के साथ धुआं पूरे इलाके में फैल गया। आग की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के घर खाली कराए और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, आग सागर सराय की कुटिया वाली गली स्थित राजन अग्रवाल के मोमबत्ती गोदाम में लगी। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई। एहतियात के तौर पर आसपास के मकानों से गैस सिलेंडर भी बाहर निकलवाए गए, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।

आग पर काबू पाने के लिए मुरादाबाद के अलावा रामपुर, संभल, अमरोहा, बिजनौर और बरेली से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। करीब 10 से 12 दमकल वाहन कई घंटों तक आग बुझाने में जुटे रहे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर लोगों को आग वाली जगह से दूर रहने की अपील की।

करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। हालांकि, गोदाम के अंदर धुआं और आग की छोटी-छोटी लपटों को पूरी तरह बुझाने का काम जारी रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Check Also

अयोध्या राममंदिर: देव शिल्पी विश्वकर्मा की हुई पूजा, मंदिर परिसर में दिखा भक्तिमय माहौल

श्रीराम जन्मभूमि परिसर में देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर विशेष पूजन-अनुष्ठान ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *