Friday , September 18 2026

BSP में नेतृत्व पर मायावती का साफ संदेश, उम्मीदवार चयन को लेकर दिया बड़ा बयान

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन का अंतिम फैसला वही कर रही हैं और इसे लेकर फैलाई जा रही चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं है।

मायावती ने बताया कि लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में कई राज्य स्तरीय बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि इंटरव्यू की प्रक्रिया के बाद अब तक 20 से अधिक प्रत्याशियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है और सभी सीटों पर उम्मीदवारों का फैसला उनके स्तर से ही होगा।

बसपा प्रमुख ने कहा कि आकाश आनंद को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आकाश आनंद पार्टी की जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभा रहे हैं। उनकी जनसभाओं में उम्मीदवारों की घोषणा करना पार्टी की सामान्य संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है, इसका टिकट चयन के अंतिम अधिकार से कोई संबंध नहीं है।

मायावती ने कहा कि जिन सीटों पर उम्मीदवार तय हो चुके हैं, वहां उनकी अनुमति से पार्टी के वरिष्ठ नेता और आकाश आनंद जनसभाओं के माध्यम से प्रत्याशियों की घोषणा कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक और अफवाह फैलाने वाली बातों से सतर्क रहें तथा केवल पार्टी की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

Check Also

देहरादून में आज युवा संवाद, 140 युवाओं के साथ भविष्य के उत्तराखंड पर मंथन करेंगे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को प्रदेशभर के 140 चयनित युवाओं के साथ संवाद करेंगे। ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *