Tuesday , September 15 2026

बचपन का दोस्त ही निकला कातिल, रेस्तरां छिनने के डर में रची हत्या की साजिश

हरियाणा के गुरुग्राम निवासी रेस्तरां संचालक अमित सैनी (35) की गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में इस हत्याकांड का आरोप अमित के बचपन के दोस्त और व्यापारिक साझेदार विजय शर्मा पर लगा है। पुलिस ने विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की। फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, विजय शर्मा अमित को रुपये दिलाने का बहाना बनाकर अपनी कार से गाजियाबाद लेकर आया था। देर रात उसने डायल-112 पर फोन कर दावा किया कि बाइक सवार बदमाशों ने अमित की गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर ऐसे कोई साक्ष्य नहीं मिले, जिससे उसकी कहानी की पुष्टि हो सके। इसके बाद सख्ती से पूछताछ में विजय टूट गया और उसने हत्या की साजिश का खुलासा कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुरुग्राम स्थित माता शीतला देवी मंदिर परिसर में दोनों साझेदारी में रेस्तरां का संचालन करते थे। पुलिस का मानना है कि विजय को आशंका थी कि ठेकेदार की अमित से बढ़ती नजदीकियों के कारण उसका रेस्तरां छिन सकता है। इसी विवाद के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अमित की हत्या इंदिरापुरम में ही की गई या किसी अन्य स्थान पर वारदात को अंजाम देने के बाद शव वहां लाया गया। पोस्टमार्टम में अमित को कान के पीछे गोली मारे जाने की पुष्टि हुई है।

मृतक के पिता राजेंद्र सैनी ने बताया कि अमित और विजय बचपन के दोस्त थे और दोनों के बीच कभी किसी तरह का विवाद नहीं हुआ था। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है।

इंदिरापुरम पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या की साजिश और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा।

Check Also

नकली सिक्कों की फैक्टरी का खुलासा, लागत पांच रुपये और कमीशन 400 रुपये; 25 साल पुराना नेटवर्क आया सामने

जाली नोटों के बाद अब नकली सिक्कों के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। सहारनपुर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *