उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी अच्छी बारिश के बाद अब मानसून की रफ्तार कुछ समय के लिए धीमी पड़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार 23 से 25 जुलाई के बीच प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहेंगी। हालांकि 26 और 27 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय होने के संकेत हैं और कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र कमजोर पड़ गया है और मानसून रेखा दक्षिण की ओर खिसक गई है। इसी कारण अगले तीन दिनों तक प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि बुंदेलखंड और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक 72 मिमी बारिश मऊ में दर्ज की गई। इसके अलावा ललितपुर में 70 मिमी, सोनभद्र में 58 मिमी और प्रयागराज में 41.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
लखनऊ में बढ़ेगी उमस
मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी लखनऊ में भी अगले तीन दिनों तक बारिश कम होने के आसार हैं। धूप निकलने और नमी बढ़ने से उमस लोगों को परेशान कर सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
प्रशासन को दिए गए निर्देश
प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारी के तहत प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यू ने सभी संबंधित विभागों को मौसम पूर्वानुमान, नाउकास्ट, रेड और ऑरेंज अलर्ट जैसी चेतावनियों का समय पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए मीडिया के सहयोग से लोगों तक समय रहते जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया गया है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi