Wednesday , September 16 2026

PM मोदी के जन्मदिन पर अनमोल भेंट, रेशम पर मां हीराबेन का आशीर्वाद उकेरकर दी खास सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर काशी के एक बुनकर ने उनके लिए विशेष उपहार तैयार किया है। बुनकर सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने रेशमी धागों से ऐसी कलाकृति तैयार की है, जिसमें दिवंगत मां हीराबेन अपने बेटे नरेंद्र मोदी के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद देती नजर आ रही हैं।

सर्वेश ने दो सहयोगियों के साथ मिलकर इस विशेष वॉल हैंगिंग को तैयार किया है। इसे बनाने में कतान के रेशमी धागों का इस्तेमाल किया गया है। बुनकर के अनुसार, पूरी कलाकृति हाथों की कारीगरी और हथकरघे के जरिए तैयार की गई है, इसमें किसी मशीन का इस्तेमाल नहीं किया गया।

50 दिन में तैयार हुई कलाकृति

सर्वेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, इस विशेष वॉल हैंगिंग को तैयार करने में करीब 50 दिन का समय लगा। उन्होंने बताया कि इसकी डिजाइन और शिल्पकारी पारंपरिक ‘उचंद कला’ से प्रेरित है, जिसे वे त्रेतायुग और भगवान श्रीराम के काल से जुड़ी पारंपरिक हस्तशिल्प शैली बताते हैं।

इसी कलाकृति को साड़ी पर भी उकेरा गया है। बुनकर का कहना है कि रेशमी धागों से तैयार इस काम में बारीक कारीगरी का विशेष ध्यान रखा गया है।

करीब 25 हजार रुपये है कीमत

इस विशेष कलाकृति की कीमत करीब 25 हजार रुपये आंकी गई है। सर्वेश के मुताबिक, इसे तैयार करने के बाद इसी तरह की अन्य कलाकृतियों के लिए भी ऑर्डर मिलने शुरू हो गए हैं।

सर्वेश कुमार इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बनारसी साड़ी भेंट कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर की थीम पर विशेष साड़ियां और क्रिकेट विश्व कप के दौरान खिलाड़ियों के सम्मान में क्रिकेट थीम वाली साड़ियां भी तैयार की हैं।

काशी की पारंपरिक बुनकरी और हथकरघा कला के जरिए तैयार की गई यह कलाकृति प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर विशेष भेंट के रूप में तैयार की गई है।

Check Also

भाजपा नेता के प्लाट में विस्फोट से सनसनी, बारूद तैयार करते वक्त हुआ हादसा; सिर-धड़ बरामद नहीं

पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव के पास भाजपा नेता के खाली प्लाट में हुए ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *