Saturday , July 18 2026

योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर वार: जिन्ना की राजनीति नहीं, गन्ना और विकास की बात करते हैं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शामली और बिजनौर के दौरे पर कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। बिजनौर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “दंगा कराने वालों को जिन्ना पसंद है, जबकि हमें गन्ना पसंद है। हमारी सरकार की प्राथमिकता किसान, विकास और सुशासन है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, लेकिन अब जीरो टॉलरेंस नीति के चलते अपराध और माफिया पर प्रभावी कार्रवाई हुई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में विकास और निवेश का माहौल बना है और किसानों को समय पर गन्ना भुगतान मिल रहा है।

बिजनौर में सीएम योगी ने 1003 करोड़ रुपये की 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने घोषणा की कि गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार हरिद्वार तक किया जाएगा, जिससे बिजनौर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही जिले में नर्सिंग कॉलेज बनने की भी जानकारी दी, जिससे स्थानीय छात्राओं को उच्च शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गन्ने का मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल किया है और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, सामाजिक समरसता और प्रदेश में विकास कार्यों का भी जिक्र किया।

अपने संबोधन के अंत में सीएम योगी ने लोगों से जाति और समाज को बांटने वाली राजनीति से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी वर्गों को साथ लेकर प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाना है।

Check Also

यूपी पुलिस की किरकिरी: फरियादी को थाने में जड़े 5 थप्पड़, वायरल वीडियो के बाद महिला दरोगा सस्पेंड

वाराणसी के चौबेपुर थाना परिसर में एक महिला उपनिरीक्षक द्वारा फरियादी महिला को थप्पड़ मारने ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *