Thursday , July 16 2026

पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में सनसनी, एप्रन में चाकू छिपाकर पहुंचा छात्र; CCTV ने खोली हत्या की परतें

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिला अस्पताल में पैरामेडिकल छात्रा कशिश पटेल की हत्या के मामले में जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्र सागर सिंह एप्रन में चाकू छिपाकर अस्पताल पहुंचा और सीटी स्कैन कक्ष में सहपाठी छात्रा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। गंभीर रूप से घायल कशिश की बरेली में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि बचाव में आई स्टाफ नर्स भी घायल हो गईं।

एप्रन में छिपाकर लाया था चाकू

पुलिस जांच के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:24 बजे सागर सिंह सीटी स्कैन कक्ष पहुंचा और कुछ देर बाद वहां से निकल गया। इसके बाद वह एक्स-रे कक्ष में गया, जहां उसने बैग में रखा चाकू अपने एप्रन में छिपाया और करीब 8:34 बजे दोबारा सीटी स्कैन कक्ष में पहुंचकर कशिश के गले और पेट पर कई वार कर दिए।

बचाव में आई नर्स भी घायल

हमले के दौरान छात्रा को बचाने पहुंचीं स्टाफ नर्स निधि भी चाकू लगने से घायल हो गईं। शोर सुनकर अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी को हथियार समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

एकतरफा प्रेम प्रसंग का एंगल

पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच जारी है।

घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी

वारदात के बाद जिला अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मरीज और तीमारदार घबराकर अस्पताल परिसर से बाहर निकलने लगे। सुरक्षा कारणों से करीब दो घंटे तक सीटी स्कैन, एक्स-रे और अन्य सेवाएं प्रभावित रहीं।

जांच समिति गठित, छात्रों का प्रदर्शन

मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है, जिसे तीन दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

इधर, घटना से आक्रोशित पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं ने अस्पताल परिसर में धरना देकर सुरक्षा व्यवस्था और कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं और प्रशिक्षण के नाम पर पूरे दिन अस्पताल में ड्यूटी कराई जाती है।

पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच जारी है।

Check Also

भारतीय रेलवे में भर्ती का सुनहरा अवसर, स्काउट्स एंड गाइड्स कोटा के लिए 12 अगस्त तक करें अप्लाई

रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। सेंट्रल रेलवे ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *