नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ई-20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए इसकी कीमत कम करने की मांग की है। मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि यदि ई-20 पेट्रोल से वाहनों का माइलेज कम मिलता है तो इसकी कीमत भी सामान्य पेट्रोल से कम होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मुलाकात का समय भी मांगा है, ताकि वाहन मालिकों की समस्याओं और सुझावों से उन्हें अवगत कराया जा सके।
केजरीवाल ने कहा कि उन्हें देशभर से ऐसे कई लोगों की शिकायतें मिली हैं, जिनका कहना है कि ई-20 पेट्रोल इस्तेमाल करने के बाद उनके वाहनों का माइलेज घट गया है और कुछ मामलों में इंजन के पुर्जों पर भी असर पड़ने की शिकायत सामने आई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सुनी जानी चाहिए और सरकार को इन शिकायतों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
पीएम मोदी को लिखे पत्र में रखीं दो प्रमुख मांगें
अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में ई-20 पेट्रोल को लेकर दो प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली मांग यह है कि देश के सभी पेट्रोल पंपों पर ई-20 के साथ शुद्ध पेट्रोल (ई-0 या ई-10) का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि उपभोक्ता अपनी जरूरत और वाहन के अनुसार ईंधन का चयन कर सकें।
दूसरी मांग में उन्होंने कहा कि यदि ई-20 पेट्रोल से माइलेज कम मिलता है तो इसकी कीमत भी सामान्य पेट्रोल से कम तय की जानी चाहिए। उनका तर्क है कि कम माइलेज मिलने की स्थिति में उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है, इसलिए मूल्य निर्धारण में इसका ध्यान रखा जाना चाहिए।
ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान की शुरुआत
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने “स्टॉप E20 पेट्रोल” नाम से एक ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पर्याप्त तैयारी और व्यापक जनजागरूकता के बिना ई-20 पेट्रोल को लागू कर रही है, जबकि बड़ी संख्या में वाहन मालिक माइलेज कम होने, इंजन संबंधी समस्याओं और बढ़ते खर्च की शिकायत कर रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें भी ई-20 पेट्रोल से संबंधित किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ा है तो वे अपने अनुभव सोशल मीडिया पर साझा करें और ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर कर अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाएं। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से भी पेट्रोल पंपों पर जाकर लोगों की राय जानने और उनके अनुभव रिकॉर्ड कर साझा करने का आह्वान किया।
केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय मांगा है और उम्मीद जताई कि उन्हें अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा, ताकि ई-20 पेट्रोल को लेकर जनता की चिंताओं पर गंभीरता से चर्चा हो सके।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi