Wednesday , July 8 2026

केशव मौर्य ने अखिलेश को घेरा, कहा- रामभक्तों का अपमान बंद करें, बेबुनियाद बयानबाजी न करें

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का परिवार रामद्रोहियों का परिवार है और रामभक्तों के खून से उनके परिवार के हाथ रंगे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अब तक राम मंदिर में दर्शन करने भी नहीं गए और लगातार गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहे हैं।

डिप्टी सीएम ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले की एसआईटी जांच कर रही है। इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और आरोपी भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अखिलेश यादव लगातार भ्रामक और आधारहीन बयान देकर राजनीतिक माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव इसी तरह की बयानबाजी करते रहे तो उन्हें इसका जवाब रामभक्त और राष्ट्रभक्त जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी।

तीसरे मोर्चे पर भी साधा निशाना

चंद्रशेखर आजाद और स्वामी प्रसाद मौर्य की मुलाकात के बाद तीसरे मोर्चे की अटकलों पर केशव मौर्य ने कहा कि किसी भी नए राजनीतिक मोर्चे से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा एक बार फिर सरकार बनाएगी।

कांग्रेस पर भी बोला हमला

कर्नाटक कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक भगवान राम और रामसेतु के अस्तित्व पर सवाल उठाए और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण अयोध्या, मथुरा और काशी जैसे मुद्दों को लंबे समय तक लंबित रखा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया और काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का निर्माण कराया गया। न्यायालय में लंबित मामलों पर भी उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और अंततः सत्य तथा रामभक्तों की जीत होगी।

शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ

प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ भी किया। इस योजना के तहत बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर देशभर के सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान डीबीटी वितरण भी किया गया।

Check Also

NIA की ताबड़तोड़ छापेमारी, बुलंदशहर में तीन भाइयों के ठिकाने खंगाले; टेरर फंडिंग के सुराग तलाशे जा रहे

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार सुबह बुलंदशहर में हवाला, टेरर फंडिंग और मनी लॉन्ड्रिंग ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *