Friday , September 18 2026

घरेलू विवाद में खौफनाक वारदात, सहारनपुर में पति ने पत्नी की गर्दन काटी; परिवार में मचा कोहराम

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में बुधवार सुबह एक युवक ने अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात फतेहपुर थाना क्षेत्र के छुटमलपुर कस्बे में हुई। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका मीनू सैनी ने करीब 14 साल पहले राजापुर गांव निवासी सनी सैनी से प्रेम विवाह किया था। दोनों अलग-अलग जातियों से थे और शुरुआती विरोध के बाद परिवारों ने शादी स्वीकार कर ली थी। दंपती के चार बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। करीब 20 दिन पहले विवाद के बाद मीनू मायके आकर रहने लगी थीं।

पत्नी को मनाने पहुंचा, फिर कर दी हत्या

पुलिस के मुताबिक, सनी कई बार पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था, लेकिन मीनू ने लौटने से इनकार कर दिया। बुधवार सुबह वह फिर ससुराल पहुंचा। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने चाकू से कई वार कर पत्नी का गला काट दिया और मौके से फरार हो गया।

घर में अकेली थी महिला

घटना के समय मीनू अपने बड़े भाई के घर पर अकेली थीं। परिवार के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे और बच्चे स्कूल में थे। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने पर फतेहपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

आरोपी हिरासत में

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। मामले में मुख्य आरोपी सनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Check Also

अयोध्या राममंदिर: देव शिल्पी विश्वकर्मा की हुई पूजा, मंदिर परिसर में दिखा भक्तिमय माहौल

श्रीराम जन्मभूमि परिसर में देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर विशेष पूजन-अनुष्ठान ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *