Sunday , October 11 2026

कानपुर में युवती का आरोप- नशीली ड्रिंक देकर बनाया शिकार, शादी से इनकार पर बढ़ा विवाद

कानपुर में IIT में कार्यरत एक महिला ने रिटायर्ड IAS अधिकारी के बेटे देवाशीष निगम पर शादी का दबाव बनाने, नशीला पेय पिलाकर दुष्कर्म का प्रयास करने और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। गंभीर रूप से घायल महिला का हैलेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। होश में आने के बाद उसने पूरी घटना पुलिस और मीडिया को बताई।

महिला ने बताया कि पति की 2020 में मृत्यु के बाद आरोपी लगातार उस पर शादी का दबाव बना रहा था। घटना वाले दिन आरोपी ने मिलने के लिए बुलाया। कार में बैठने के बाद उसने फिर शादी की बात की। महिला के अनुसार, मना करने पर आरोपी ने जबरन एक एनर्जी ड्रिंक पिलाई, जिसके बाद उसे कमजोरी महसूस होने लगी।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे बिठूर मार्ग पर सुनसान स्थान पर ले गया और जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने गला दबाया और फिर ईंट से सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी देवाशीष निगम रिटायर्ड IAS अधिकारी का बेटा है। उसकी शादी 2014 में हुई थी और उसकी एक बेटी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नोट: यह खबर पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और अंतिम तथ्य न्यायिक प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होंगे।

Check Also

पुलिसकर्मियों से मारपीट का मामला: पीछे से खींचकर गिराया, फिर बेरहमी से पीटा; जांच में जुटी पुलिस

राजधानी दिल्ली में एसआईआर के खिलाफ इंडिया ब्लॉक और कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *