Monday , October 12 2026

उत्तराखंड में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त धामी, बोले- आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित राज्य देना है

‘देवभूमि में अवैध कब्जों के लिए कोई जगह नहीं’: धामी बोले- अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी, चारधाम यात्रा में 40 लाख श्रद्धालु पहुंचे

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में अवैध कब्जों और अतिक्रमण के लिए कोई जगह नहीं है। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित उत्तराखंड देना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य से सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है।

देहरादून में एक निजी संस्थान के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। विकास कार्यों के साथ पर्यावरण, संस्कृति और देवभूमि की मूल पहचान को भी सुरक्षित रखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई राजस्व अभिलेखों के आधार पर की जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। देवभूमि की आस्था और मूल स्वरूप से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार विरासत और विकास दोनों को समान महत्व दे रही है। राज्य में ग्रॉस एनवायरमेंट प्रोडक्ट (GEP) के आकलन की व्यवस्था शुरू की गई है और इकोलॉजी, इकोनॉमी व टेक्नोलॉजी के संतुलन के साथ विकास कार्य किए जा रहे हैं।

धामी ने बताया कि 19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। ऑल वेदर रोड परियोजना से यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम हुई है। वहीं, आदि कैलाश यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 500 से बढ़कर करीब 45 हजार तक पहुंच गई है।

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि सरकार ने विधानसभा चुनाव में जनता से किया गया वादा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में भी यूसीसी लागू करने की दिशा में पहल हो रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। साथ ही, नकल विरोधी सख्त कानून लागू कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और होमस्टे योजना के जरिए युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।

Check Also

यूपी भाजपा ने घोषित किए अनुसूचित मोर्चा के नए जिलाध्यक्ष, कुंदन को लखनऊ महानगर की कमान

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठन ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *