Saturday , August 22 2026

भयानक बस हादसा: 100 की स्पीड में पहिए निकले, सड़क पार जाकर पलटी बस

आगरा-दिल्ली हाईवे पर बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मथुरा से आगरा आ रही यूपी रोडवेज की बस के आगे के दो पहिए अचानक निकल गए, जिससे बस बेकाबू होकर तीन बार पलटी और डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बस की छत उड़ गई और कई सीटें उखड़कर सड़क पर बिखर गईं।

हादसा सिकंदरा क्षेत्र के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में थी। पहिए निकलते ही बस नियंत्रण खो बैठी और पलटते हुए डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बस की खिड़कियों के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

बस में सवार 12 यात्रियों में से 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों में आगरा, इटावा, खेरागढ़ और फिरोजाबाद के यात्री शामिल हैं।

यात्रियों का आरोप है कि बस चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और उसे कई बार टोका भी गया था। कुछ यात्रियों ने दावा किया कि चालक को झपकी भी आ रही थी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

सिकंदरा थाना पुलिस ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में बस के आगे के पहिए निकलने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।

Check Also

एडेड संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों को कब मिलेगा कैशलेस इलाज? जिलों से सूचना न मिलने से फंसा मामला

उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षकों व शिक्षणेत्तर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *