महाराष्ट्र के पुणे में इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसी वारदात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी ने मिलकर की। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने केतन को लोहागढ़ किले की करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया और इसे हादसा बताने की कोशिश की।
केतन और सिया की नवंबर 2026 में शादी होने वाली थी। दोनों परिवारों ने शादी की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। पुलिस जांच में सामने आया है कि सिया अपने प्रेमी चेतन के साथ रिश्ते में थी और केतन को दोनों के बीच बाधा मानती थी।
जांच के मुताबिक, आरोपियों ने 14 जून को भी हत्या की कोशिश की थी, लेकिन योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद 18 जून को प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन और ट्रेकिंग के बहाने केतन को लोहागढ़ किले ले जाया गया, जहां कथित तौर पर उसे खाई में धक्का दे दिया गया।
फोन रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने पहले चेतन चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में हत्या और आपराधिक साजिश के तहत जांच कर रही है तथा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाल रही है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi