Sunday , August 23 2026

65 हस्तियों को पद्म अवॉर्ड्स का ऐलान, रोहित शर्मा समेत कई दिग्गजों को मिला सम्मान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह के दूसरे चरण में 65 हस्तियों को सम्मानित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 56 पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह में पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज केटी थॉमस को जनसेवा और वरिष्ठ मलयालम पत्रकार पी. नारायणन को साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।

वहीं, प्रसिद्ध गायिका अलका याग्निक, मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी, प्रख्यात टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज और अमेरिका में कार्यरत ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. दत्तात्रेयुडु नोरी को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

खेल जगत से भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को पद्मश्री पुरस्कार मिला। भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और गोलकीपर सविता पूनिया को भी पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

फिल्म जगत के अभिनेता आर. माधवन को कला के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री दिया गया, जबकि अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत पद्मश्री सम्मान प्रदान किया गया। उनके भाई अरविंद शाह ने यह सम्मान ग्रहण किया।

इस वर्ष कुल 131 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों के लिए चुना गया है। इससे पहले पहले चरण में 66 हस्तियों को सम्मानित किया गया था, जिनमें महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और अभिनेता धर्मेंद्र भी शामिल थे।

पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जो कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान, समाज सेवा और जनसेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जाते हैं।

Check Also

कांग्रेस मुख्यालय के बाहर दिखे रियल लाइफ बैटमैन राहुल गांधी, सोशल मीडिया पर छाए पोस्टर

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ‘रियल लाइफ बैटमैन’ बताते हुए ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *