Monday , September 21 2026

गोरखपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, ट्रिपल मर्डर के बाद कमरे में छिपा मिला किशोर

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बांसगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोर ने अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की गड़ासे से हत्या कर दी। घटना सोमवार तड़के करीब 3 बजे की है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी किशोर रात में बड़े भाई अमित गुप्ता के कमरे में घुसा और सो रहे परिवार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना और तीन वर्षीय बेटे रेयांश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान कमरे में मौजूद 9 वर्षीय बेटी ने वारदात देख ली और चीखते हुए बाहर भागकर परिवार को इसकी जानकारी दी।

शोर सुनकर पिता हरीलाल मौके पर पहुंचे तो कमरे में खून से लथपथ तीनों शव पड़े थे। वहीं आरोपी गड़ासा हाथ में लेकर कमरे से बाहर निकल रहा था। इसके बाद वह घर की ऊपरी मंजिल पर जाकर बैठ गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार की किराना दुकान को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बड़ा भाई बाहर नौकरी करने के बाद कुछ समय पहले गांव लौट आया था, जिसके बाद छोटे भाई को दुकान पर कब्जे का डर सताने लगा था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।

पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी पहले भी परिवार के साथ विवाद कर चुका था। दो महीने पहले पिता और आरोपी के बीच पैसों को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद थाने में समझौता कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी शराब के नशे में अक्सर घर में विवाद करता था।

एसपी दिनेश पुरी ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी किशोर से पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की सटीक वजह जानने के लिए जांच जारी है।

Check Also

यूपी में चुनावी रणनीति पर भाजपा का फोकस, नितिन नवीन करेंगे संगठनात्मक दौरा

उत्तर प्रदेश में मिशन-2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *