Sunday , June 21 2026

योग दिवस पर काशी में दिखा अद्भुत प्रदर्शन, पेड़ की डाल पर योग कर छाया रबर बॉय

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तर प्रदेश में योग की धूम रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी किले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 45 मिनट तक योग किया और लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग से शरीर निरोग रहता है और भारत की प्राचीन परंपरा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक पहचान दिलाई है।

योग दिवस के मौके पर प्रदेशभर में योग के कई अनोखे दृश्य देखने को मिले। प्रयागराज में ‘रबर बॉय’ के नाम से मशहूर आदर्श पांडेय ने करीब 10 फीट ऊंची पेड़ की डाल पर चढ़कर कठिन योगासन किए। वहीं वाराणसी में महिलाओं ने गंगा में चल रहे क्रूज पर योग किया, जबकि कुछ छात्रों ने पानी के अंदर योगासन कर सभी को हैरान कर दिया।

गोंडा में अपर आयुक्त मीनू राणा की 8 वर्षीय बेटी अन्विति राणा आकर्षण का केंद्र बनीं। उन्होंने कठिन योगासन और प्राणायाम का प्रदर्शन कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया। अन्विति की प्रतिभा और लचीलेपन को देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोग हैरान रह गए।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ स्थित राजभवन में योगासन किए, जबकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में संगम तट पर योग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ ली। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी समेत कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न जिलों में योग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, झांसी, संभल और अन्य जिलों में हजारों लोगों ने सामूहिक योग कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों में योग के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला।

Check Also

CM योगी का सपा पर हमला- मोहर्रम-ईद पर उदंडता, कांवड़ यात्रा पर रोक लगाती थी सरकार

हमीरपुर/महोबा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हमीरपुर और महोबा में विपक्ष पर जमकर निशाना ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *