जौनपुर में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। युवक शराब खरीदने ठेके पर गया था। तभी वहां 5 युवक पहुंचे और उसे दौड़ाने लगे। जान बचाने के लिए वह भागा।रास्ते में कई घरों में घुसने की कोशिश की, लेकिन बच नहीं सका।
हमलावरों ने उसे एक छप्पर में गिरा दिया। इसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ करीब 25 वार किए। मौत के बाद आरोपी शव को करीब 200 मीटर तक घसीटते रहे। फिर बाइक से 1 किलोमीटर दूर ले जाकर गेहूं के खेत में फेंक दिया और फरार हो गए।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक आरोपी कहते हुए दिख रहा है- ‘मैं वकील का बेटा हूं, मुझे बदला लेना आता है।’ मृतक की पहचान संघईपुर गांव निवासी आशीष उर्फ चिघडू चौहान (22) के रूप में हुई है।
घटना बुधवार शाम 4 बजे जलालपुर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बुधवार देर रात एनकाउंटर में 2 आरोपियों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया।
ठेके पर शराब लेने गया था
संघईपुर गांव निवासी आशीष उर्फ चिघडू चौहान, पुत्र अरविंद चौहान खेती-किसानी करता था। आशीष इन दिनों अपने ननिहाल मड़ियाहूं में रह रहा था। बुधवार शाम वह बन्दीपुर स्थित ठेके पर शराब लेने गया था। तभी वहां 5 युवक पहुंचे और उसे मारने के लिए दौड़ाने लगे। उनके हाथ में चाकू था।
आशीष जान बचाने के लिए सिरकोनी गांव की ओर भागा। उसने कई घरों में छिपने की कोशिश की, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। हमलावर लगातार उसका पीछा करते रहे। गांव में गुल्लू मौर्य के घर के पीछे बने मड़हे के पास आशीष चारों तरफ से घिर गया।
बदमाशों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी शव को घसीटते हुए गांव से बाहर ले जाने लगे।
लोगों ने रोकने की कोशिश की तो धमकाया वारदात का किसी ने वीडियो बना लिया। इसमें 5 युवक शव को घसीटते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में एक हमलावर कहता सुनाई दे रहा है- ‘मैं संघईपुर के बाबूराम वकील का लड़का हूं। बता देना, हम भी मार सकते हैं। मेरे पास कलेजा नहीं है क्या?’
हमलावर शव को करीब 1 किलोमीटर तक ले गए। इसके बाद बन्दीपुर गांव के पास खेत में फेंककर फरार हो गए। आशीष पहले एक हत्या के मामले में जेल जा चुका था और 6 महीने पहले ही बाहर आया था।
बुधवार को उसके बन्दीपुर आने की जानकारी मिलते ही आरोपियों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। घटना के दौरान कुछ लोगों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन्हें धमकाकर भगा दिया।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi