उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर स्थित सूरजमल अग्रवाल नर्सिंग कॉलेज में बुधवार को उस समय भारी हंगामा मच गया, जब भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) की मान्यता नहीं मिलने से नाराज छात्रों ने कॉलेज परिसर के सभी गेटों पर ताले जड़ दिए। इस दौरान कॉलेज के भीतर मौजूद करीब 400-500 छात्र-छात्राएं, 50 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और दर्जनभर पत्रकार करीब चार घंटे तक अंदर ही फंसे रहे। देर शाम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताले तोड़े और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि कॉलेज को लंबे समय से आईएनसी की मान्यता नहीं मिलने के विरोध में छात्र पिछले छह महीने से आंदोलन कर रहे थे। प्रशासन की ओर से कई बार बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश की गई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। बुधवार को छात्रों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने कॉलेज के सभी प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए। कई छात्र गेटों पर पहरा देते रहे, जिससे अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके।
घटना के दौरान कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शाम होते-होते कई शिक्षिकाएं भावुक हो गईं और छात्रों से गेट खोलने की अपील करने लगीं। किसी ने घर में प्रसव पीड़ा से जूझ रही परिजन का हवाला दिया तो किसी ने छोटे बच्चों के घर पर अकेले होने की बात कही। कुछ कर्मचारियों ने व्रत और जरूरी पारिवारिक कारणों का भी हवाला दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
इस दौरान कॉलेज कवरेज के लिए पहुंचे कई पत्रकार भी परिसर में फंस गए। स्थिति गंभीर होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलभट्टा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने संयम बरतते हुए मुख्य गेट के ताले तोड़े और करीब चार घंटे बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
कॉलेज के कुलपति सतीश शर्मा ने बताया कि आईएनसी मान्यता का मामला जिला प्रशासन के स्तर पर विचाराधीन है और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मान्यता मिलने की उम्मीद है। वहीं पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कर ली है और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi