गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद गोमतीनगर विस्तार में बुधवार को जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई। इकाना स्टेडियम के आसपास की सड़कों पर पानी भर गया, जबकि पलासियो मॉल के सामने दोनों लेन पानी में डूब गईं। शाम तक मुख्य सड़क पर घुटनों तक पानी पहुंच गया।
मंगलवार रात इकाना स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी पहुंचे थे। इसके करीब 24 घंटे बाद बुधवार शाम इलाके में पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ।
सड़क पर थम गई वाहनों की रफ्तार
पलासियो मॉल और आसपास के इलाकों में पानी बढ़ने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पानी की तेज धार के बीच एक ऑटो भी बंद हो गया, जिसे लोगों ने धक्का देकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
दोपहर तक सड़क के किनारे मौजूद पानी शाम होते-होते पलासियो चौराहे तक पहुंच गया। जलभराव के कारण पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कर्मचारियों को घर लौटने में हुई परेशानी
पलासियो मॉल और आसपास के कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों को शाम के समय घर लौटने में दिक्कत हुई। कई स्थानों पर पैदल निकलने की जगह नहीं बची, जबकि सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता भी प्रभावित रही।
गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से गोमतीनगर विस्तार के अन्य इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi