राम जन्मभूमि मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर 2 सितंबर को होने वाली श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस बैठक में लंबे समय से रिक्त पड़े महत्वपूर्ण पदों को भरने के साथ ही राम मंदिर के नए CEO और प्रवक्ता की नियुक्ति पर फैसला हो सकता है।
राम मंदिर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या और व्यवस्थाओं के विस्तार को देखते हुए ट्रस्ट प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की तैयारी में है। नए CEO की नियुक्ति के बाद मंदिर से जुड़े विभिन्न विभागों और व्यवस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है।
वहीं, प्रवक्ता की नियुक्ति से ट्रस्ट की ओर से मंदिर से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों, गतिविधियों और आधिकारिक जानकारियों को सार्वजनिक करने की व्यवस्था भी मजबूत होगी।
तीन नामों के पैनल पर हो सकता है फैसला
CEO पद के लिए चयन समिति की ओर से तीन नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंपे जाने की बात सामने आई है। इनमें सेवानिवृत्त IPS राजेश पांडेय, सेवानिवृत्त IAS दिनेश चंद्र और योगेश्वर राम मिश्रा के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
अब सभी की निगाहें 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में राम मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है और नए CEO व प्रवक्ता के नाम को लेकर स्थिति साफ हो सकती है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi