पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के राजनीति में कदम रखने के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में उनके अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के साथ उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है।
तस्वीर को जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के वरिष्ठ नेता डॉ. बृजेश सिंह राजावत ने एक्स पर साझा किया। उन्होंने पोस्ट में दिव्या मित्तल की नई राजनीतिक पारी का स्वागत करते हुए लिखा कि आईएएस का अनुभव और राजा भैया की जमीनी पकड़ मिलकर यूपी की राजनीति में नई दिशा की शुरुआत कर सकते हैं।
हालांकि, दिव्या मित्तल पहले ही स्पष्ट कर चुकी हैं कि वह किसी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगी। उन्होंने स्वतंत्र रूप से राजनीति में आने की बात कही है।
दिव्या मित्तल ने अपने राजनीतिक पदार्पण के दौरान कहा कि वह आम लोगों की आवाज उठाना चाहती हैं। उन्होंने सरकारी व्यवस्था, नौकरशाही, पेपर लीक, रोजगार और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं जैसे मुद्दे उठाते हुए कहा कि राजनीति में बदलाव की जरूरत है।
पूर्व आईएएस अधिकारी ने कहा कि वह बिना किसी डर के सवाल उठाती रहेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास पैसा, बाहुबल या जाति-धर्म का समीकरण नहीं है और वह लोगों के मुद्दों को लेकर अपनी राजनीतिक यात्रा आगे बढ़ाएंगी।
राजा भैया के साथ तस्वीर और राजावत की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद दिव्या मित्तल के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं जरूर तेज हुई हैं, लेकिन उनके किसी दल के साथ जुड़ने की पुष्टि नहीं हुई है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi