Wednesday , September 9 2026

बारिश के बीच कांग्रेस का प्रदर्शन: शुद्धिकरण को लेकर सीएम आवास घेरने पहुंचे कार्यकर्ता

हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस का विरोध तेज हो गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए निकले। तेज बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

हाथीबड़कला के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शन में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस आक्रामक

कांग्रेस का आरोप है कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण कराया गया। पार्टी ने इस मामले में पुलिस थानों में शिकायत देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई है। राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने को लेकर भी कांग्रेस ने विरोध तेज किया है।

प्रदर्शन के दौरान कई लोग कांग्रेस में शामिल

सीएम आवास घेराव के दौरान कुमारी सैलजा और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। इनमें पूर्व मेयर रुड़की यशपाल राणा समेत कई पूर्व जनप्रतिनिधि और अन्य लोग शामिल रहे।

हरीश रावत ने रखा मौन व्रत

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक घंटे का मौन व्रत रखा। उन्होंने कहा कि यह कदम छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष में अपनी भागीदारी दर्ज कराने के लिए उठाया गया।

Check Also

मूंछों से लेकर बहरूपिया तक: अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना, मैनपुरी सीओ का भी किया जिक्र

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मैनपुरी के सीओ सिटी अशोक सिंह के ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *