Friday , October 2 2026

दिल्ली थप्पड़कांड पर घमासान: साहिब सिंह के पुराने आपराधिक केस को लेकर उठे सवाल, प्रवेश वर्मा ने दिया जवाब

दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, भाजपा ने थप्पड़ खाने वाले युवक साहिब सिंह के पुराने मामले का हवाला देते हुए उस पर पहले से केस दर्ज होने की बात कही है।

साहिब सिंह पर पहले से केस होने का दावा

भाजपा का दावा है कि आप कार्यकर्ता साहिब सिंह के खिलाफ तिलक नगर थाने में पहले भी मामला दर्ज हुआ था। आरोप है कि उसने एमसीडी के एक सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट की थी। भाजपा के मुताबिक, इस मामले में साहिब सिंह की गिरफ्तारी भी हुई थी। पार्टी ने इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है।

प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल को दिया जवाब

घटना को लेकर अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया के बाद प्रवेश वर्मा ने उन्हें जवाब दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि वह केजरीवाल को जनता का दिल जीतने का तरीका सिखा सकते हैं, लेकिन पहले उन्हें ‘ड्रामा’ से फुर्सत मिलनी चाहिए। प्रवेश वर्मा ने अपने जवाब के साथ एक वीडियो भी साझा किया।

केजरीवाल ने की कार्रवाई की मांग

अरविंद केजरीवाल ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह शाम 4:30 बजे तिलक नगर जाएंगे। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंत्री और सड़क निर्माण से जुड़े इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। केजरीवाल ने घटना को लेकर सरकार पर भी निशाना साधा।

आप नेताओं ने प्रवेश वर्मा को घेरा

घटना के बाद आप नेताओं ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की। पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कार्रवाई की मांग की।

साहिब सिंह ने लगाए आरोप

साहिब सिंह का आरोप है कि सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाने और उसका वीडियो बनाने के दौरान प्रवेश वर्मा ने उनका फोन छीना, हाथ मोड़ा और थप्पड़ मारा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट और धमकी दी। साहिब सिंह का कहना है कि पुलिस ने उनकी शिकायत ली, लेकिन मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की।

जरनैल सिंह ने भी साधा निशाना

आप विधायक जरनैल सिंह ने आरोप लगाया कि सड़क की स्थिति दिखाए जाने के बाद विवाद बढ़ा। उनका दावा है कि साहिब सिंह घटना का वीडियो बना रहे थे और इसी दौरान प्रवेश वर्मा ने उन्हें थप्पड़ मारा।

मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। एक तरफ आप प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं भाजपा साहिब सिंह के पुराने मामले को सामने रखकर घटना को अलग संदर्भ में पेश कर रही है।

Check Also

देहरादून में हैरान करने वाली साजिश: 20 दिन घर में रहकर बनाया भरोसा, फिर साथियों संग दिया वारदात को अंजाम

विजय पार्क में भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर हुई लूट की जांच में पुलिस ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *